550 विद्यार्थियों को मिलेंगी स्नातक, परास्नातक और पीएचडी की डिग्रियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह आगामी 20 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। राजभवन से मंगलवार को आधिकारिक स्वीकृति मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह की तैयारियां तेज कर दी हैं। विश्वविद्यालय परिसर में मंच, अतिथि स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर अलग-अलग समितियां सक्रिय हो गई हैं।
कृषि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉक्टर वीपी सिंह का कहना है कि इस बार करीब 550 विद्यार्थियों को स्नातक, परास्नातक और पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जबकि विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 50 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत और विशेष मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रतिष्ठित कुलाधिपति मेडल भी शामिल रहेगा। दीक्षांत समारोह में कृषि, पशु चिकित्सा, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि अभियांत्रिकी और अन्य विषयों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस बार विश्वविद्यालय की ओर से पहली बार बेस्ट वूमेन अवॉर्ड और बेस्ट टीचर अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि विश्वविद्यालय को प्रदेश के अग्रणी कृषि विश्वविद्यालयों में शामिल करना प्राथमिकता है। कुलसचिव डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि समारोह की तैयारियों के लिए पहले ही पांच से छह समितियों का गठन किया जा चुका है। प्रत्येक समिति को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।