संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गंगनहर पुल के पास मंगलवार रात कार सवार युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने कार रोककर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने हमलावरों पर शराब डालकर आग लगाने के प्रयास का भी आरोप लगाया है।
गांव टेहरकी निवासी मोनिस खान मंगलवार रात सरधना स्थित अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। गंगनहर पुल के पास वह पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद जब मोनिस गांव की ओर बढ़े तो बेगमाबाद के निकट कुछ युवकों ने उनकी कार रुकवा ली। हमलावरों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में मोनिस गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित का आरोप है कि बेहोशी की हालत में आरोपियों ने उन पर शराब डालकर आग लगाने का प्रयास किया।
इसी दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों को आते देख आरोपी मौके से भाग गए। घायल मोनिस किसी तरह गंगनहर पुलिस चौकी पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें थाने लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेज दिया।
पीड़ित ने कई नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई है।