सुनील कैथवास....बागपत अड्डा चौराहे पर लगा जाम।
मेरठ। कांवड़ यात्रा के बाद बृहस्पतिवार से जैसे ही शहर खुलना शुरू हुआ तो प्रमुख मार्गों पर लोगों को भारी जाम से जूझना पड़ा। यातायात पुलिस भी जाम खुलवाने में नाकाम रही। सुबह से रात तक कई बार लगे लंबे जाम से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस ने रूट डायवर्जन कर दिया था। शहर में वनवे होने के कारण लोगों की दिनचर्या से लेकर कारोबार तक प्रभावित था। शिवरात्रि के साथ ही कांवड़ यात्रा संपन्न हुई तो फिर से प्रमुख मार्गों पर वाहनों का संचालन शुरू हुआ और बाजार खोले गए। इसके चलते बृहस्पतिवार को बेगमपुल से लेकर भैसाली रोडवेज बस अड्डे तक लंबा जाम लगा रहा। बहादुर मोटर्स से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक लोग लंबे जाम से जूझते रहे।
रेलवे रोड चौराहे और घंटाघर के अलावा बच्चा पार्क चौराहे से लेकर हापुड़ अड्डे तक भी जाम के हालात से लोग परेशान रहे। सोहराब गेट बस अड्डा, तेजगढ़ी चौराहा और एल-ब्लाक शास्त्रीनगर में और बिजली बंबा बाईपास पर भी जाम की स्थिति बनी रही। बागपत रोड पर भी वाहन चालकों को जाम से निकलने में काफी समय लगा। यातायात प्रभारी विनय कुमार शाही ने बताया कि सभी प्वाइंटों पर यातायात पुलिसकर्मी की तैनाती की गई थी। कुछ देर धीमी गति से यातायात चलता रहा लेकिन लंबा जाम नहीं लगा।