बिना लाइसेंस चल रहा था, 12 साल के आकिल की मौत के बाद की कार्रवाई
एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है पुलिस, दूसरे की तलाश जारी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में अवैध स्विमिंग पूल में 12 वर्षीय आकिल की मौत हो गई थी। इस मामले में बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट नवीन श्रीवास्तव और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इसके बाद स्विमिंग पूल को सील कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में केयर टेकर मोहम्मद यासर और मालिक वासिद पर गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की थी। यासर को जेल भेजने के बाद पुलिस वासिद को तलाश रही है।
आकिल तारापुरी निवासी यूसुफ का बेटा था और पिलोखड़ी रोड स्थित वाटरलैंड स्विमिंग पूल में तैराकी सीखने गया था। पूल में कोई लाइफ गार्ड नहीं था और न ही सुरक्षा के प्रबंध किए गए थे। पुलिस को मौके पर डीवीआर भी नहीं मिली। आशंका है कि साक्ष्य छिपाने के लिए डीवीआर गुम की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद भी पुलिस डीवीआर बरामद नहीं कर पाई है। ऐसे में आशंका है कि आरोपी डीवीआर के रिकाॅर्ड को नष्ट भी कर सकते हैं। बताया गया है कि इससे पहले भी इस स्विमिंग पूल में एक बच्चे की मौत हुई थी। उस दौरान मामला दर्ज नहीं किया गया था।
लिसाड़ी गेट थाने की इस्लामाबाद चौकी प्रभारी अक्षय निधि शर्मा की तहरीर पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि इस मामले की जांच जारी है। जांच में अगर और लापरवाही सामने आती है तो धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
-