सरधना। माता मरियम महोत्स के मौके पर भव्य और सुंदर रूप से सजाया गया ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च।
सरधना। कस्बे के ऐतिहासिक चर्च में शुक्रवार को कृपाओं के माता का महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही हिमाचल, पंजाब और लखनऊ सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। दिन बढ़ने के साथ ही चर्च में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई।
शाम 4:00 बजे नौरोजी प्रार्थना के साथ मिस्सा बलिदान हुआ। इसमें फादर वलेरियन पिंटो और फादर मार्टिन रावत सहित अन्य धर्मगुरु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मां मरियम की चमत्कारिक तस्वीर के दर्शन कर अपने परिवार की सलामती की कामना की। दिन ढलते ही चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर जगमगा उठा। श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों ने सेल्फी भी ली। फादर वलेरियन पिंटो और फादर मार्टिन रावत ने बताया कि शनिवार की सुबह 6:00 बजे, 10 बजे और शाम 4:00 बजे पवित्र मिस्सा बलिदान होगा। इसके अतिरिक्त शाम 6:00 बजे पंजाबी में मिस्सा बलिदान और रात 8:00 बजे प्रार्थना सभा आयोजित होगी। रविवार की सुबह 6:00 बजे और 8:00 बजे पवित्र मिस्सा बलिदान के साथ 10 बजे धर्माध्यक्षीय समारोही मिस्सा बलिदान होगा। दोपहर 12 बजे बीमारों और धार्मिक वस्तुओं की आशीष के लिए विशेष प्रार्थना होगी। इस महोत्सव के मुख्य अनुष्ठाता झांसी धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष विल्फ्रेड मोरस रहेंगे।
सरधना। माता मरियम महोत्स के मौके पर भव्य और सुंदर रूप से सजाया गया ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च।