- हाईवे पर उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, भीगते कदमों ने तय की मंजिल की राह
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। सावन की बारिश और आस्था का संगम बृहस्पतिवार को दिल्ली-देहरादून हाईवे पर देखने को मिला। बुधवार देर रात से शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार को भी जारी रही, लेकिन शिवभक्तों के कदम न थमे और न ही उनकी रफ्तार कम हुई। बारिश की बूंदों के बीच हर तरफ भगवा रंग और बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। ऐसा लगा मानो मौसम भी शिवभक्तों पर मेहरबना हो गया हो।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का सैलाब हाईवे पर लगातार बढ़ता रहा। कोई पैदल तो कोई झांकी वाली कांवड़ के साथ तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ता नजर आया। बारिश से सड़कें भीगीं और मौसम सुहाना हुआ तो शिवभक्तों के चेहरों पर भी अलग ही उत्साह दिखाई दिया। कई कांवड़ियों ने बारिश से बचने के लिए तिरपाल या पन्नी का सहारा लिया, लेकिन विश्राम के बाद फिर कांवड़ उठाई और यात्रा पर निकल पड़े।
बारिश बनी भक्ति की परीक्षा
कांवड़ियों के लिए बारिश किसी बाधा से कम नहीं थी। रास्ते में कपड़े भीगे, पैरों में कीचड़ लगा और कई जगह सड़क पर पानी भी भर गया। इसके बावजूद भोलेनाथ के प्रति आस्था ऐसी रही कि किसी ने मौसम की परवाह नहीं की। शिवभक्तों का कहना था कि सावन में बाबा का जलाभिषेक करने की मनोकामना लेकर निकले हैं, इसलिए रास्ते की मुश्किलें भी भोलेनाथ का आशीर्वाद ही हैं।
भीगते रहे कदम, बढ़ती रही आस्था
बारिश की बूंदें कांवड़ियों के शरीर को भिगोती रहीं, मगर उनके भीतर की आस्था और संकल्प को नहीं भिगो सकीं। कोई नंगे पैर चल रहा था तो कोई कंधे पर सजी कांवड़ लेकर शिवधाम की ओर बढ़ रहा था। हाईवे का नजारा मानो यही संदेश दे रहा था कि भोले की भक्ति में मौसम भी बाधा नहीं, बल्कि यात्रा का हिस्सा है। हाईवे किनारे लगे सेवा शिविरों में भी बारिश के बीच सेवा जारी रही। कहीं चाय और भोजन बांटा गया तो कहीं शिवभक्तों को ठहरने और चिकित्सा की सुविधा दी गई। बारिश में भीगकर पहुंचने वाले कांवड़ियों को सेवाभाव से गर्म चाय और भोजन कराया गया। हाईवे पर जगह-जगह हर-हर महादेव और बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
दौराला - दौराला में हाईवे पर बारिश के बीच अपने गंतव्य की ओर बढ़ते शिवभक्त। स्रोत : संवाद