बहसूमा। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के चलते बटावली नहर पटरी शुक्रवार को मार्ग पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है। इस बार प्रशासन ने बटावली नहर पुल से किठौर तक 42 किलोमीटर दूरी को दूधिया रोशनी से चमकाया हुआ। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान है। गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों के जत्थों से मार्ग पर दिन-रात रौनक बनी हुई है। इस बार अभी कलश कावड़िया अधिक गुजर रही है।
नहर पटरी पर जगह-जगह लगाए गए कांवड़ सेवा शिविरों में शिवभक्तों के लिए विश्राम, जलपान और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों में बज रहे शिव भजनों और डीजे की धुन पर कांवड़िये उत्साह के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। भक्तिमय माहौल से पूरा मार्ग शिवमय हो उठा है।
वहीं, बहसूमा और आसपास के मुख्य मार्गों पर स्थित शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों व श्रद्धालुओं की ओर से विशाल भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जहां कांवड़ियों और राहगीरों को प्रसाद व भोजन कराया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।