मेरठ। पत्नी का अपहरण करने वाला नहीं मिला तो पति ने साढू के साथ मिलकर साजिश रच ली। पत्नी को लेकर जाने वाले के छोटे भाई का अपहरण कर लिया। शुक्रवार को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई तो परतापुर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बरामदगी कर ली।
टीपीनगर निवासी मुन्ना की पत्नी को मलियाना का प्रवेश अपहरण कर ले गया था। काफी तलाश के बाद उसका पता नहीं चला तो मुन्ना ने अपने साढू अजय के साथ मिलकर प्रवेश के छोटे भाई राहुल के अपहरण की योजना बना ली। राहुल मोहकमपुर में फैक्टरी में काम करता है। बृहस्पतिवार सुबह फैक्टरी जाते समय दोनों ने उसे तमंचा दिखाकर गाड़ी में बिठा लिया और रोहटा ले गए। रात भर उसे वहीं रखा। राहुल के परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई तो परतापुर इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। मोबाइल सर्विलांस के आधार पर शुक्रवार शाम पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर ली। मुन्ना और अजय दोनों राहुल को बाइक पर बीच में बिठाकर गाजियाबाद जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को दबोचकर राहुल को बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि मुन्ना और उसके साढू अजय के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।