बुढ़ाना गेट की टूटी सड़कों ने कम की बाजार की रौनक
मेरठ। शहर की टूटी सड़कों ने शहर का स्वरूप बिगाड़ने के साथ ही यहां के व्यापार को भी काफी प्रभावित किया है। बदहाल सड़कों पर धूल गुबार और हादसों के डर के कारण उम्मीद से कम लोग प्रमुख बाजारों में पहुंच पाते हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में भी इसका असर पड़ रहा है। शहर के इंदिरा चौक से खैरनगर फव्वारा चौक और बुढ़ाना गेट तक तो दो साल से सड़क टूटी पड़ी है। अब तक इसकी सुध नहीं ली गई है।
इंदिरा चौक से खैरनगर फव्वारा चौक तक सड़क को जल निगम ने डेढ साल पहले खोदना शुरू किया था। नियमानुसार जल निगम को सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों को ठीक करना था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। गड्ढों वाले इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों और व्यापारियों को इसका खामियाजा उठाना पड़ रहा है। सोमवार को अमर उजाला ने इस क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर व्यापारियों की राय जानने की कोशिश की तो वे काफी मायूस नजर आए।
--
प्रमुख चौराहे पर भी ध्यान नहीं
- बुढ़ाना गेट चौराहा पूरी तरह टूट गया है। यहां एक डिस्पेंसरी, शिव और हनुमान मंदिर है। एक इंटर और एक डिग्री कॉलेज है। यह शहर का व्यस्त चौराहों में से एक है। इस चौराहे से खैरनगर फव्वारा चौक तक डिवाइडर के दोनों तरफ सड़क में बड़े बड़े गड्ढे हैं। प्रमुख क्षेत्र होने के बावजूद इस ओर अफसरों का ध्यान नहीं है।
----
बार-बार हो रहे हादसे, कई हुए घायल
- सड़क के गड्ढों के कारण बार-बार हादसे होते रहे हैं। दुपहिया चालकों के साथ ज्यादा हादसे होते हैं। एक कार सवार तो गड्ढे को बचाने के चक्कर में डिवाइडर और खंभे से टकरा गए थे। ऐसे हाल में तो ग्राहक बाजार में कम ही होंगे। - संजीव प्रधान, अध्यक्ष बुढ़ाना गेट पैठ बाजार पश्चिम व्यापार संघ।
--
त्योहारों में भी नहीं पहले जैसी रौनक
- एक समय था जब इंदिरा चौक मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आते थे, मगर सड़कों पर गड्ढे और धूल के गुबार ने त्योहारों में भी बाजार की रौनक कम कर दी है। - प्रवीण सक्सेना, संगठन मंत्री, बुढाना गेट पैठ बाजार पश्चिम व्यापार संघ।
--
अब कुछ गड्ढे भरे गए
- काफी समय से सड़क में गड्ढे रहे हैं। सोमवार रात ही सड़क के कुछ गड्ढे भरे गए हैं। सभी सड़कें ठीक की जाएं तो राहत मिलेगी। - वसीम राजा, व्यापारी।
--
होटल पर भी पड़ रहा असर
- सड़क के गड्ढों से उड़ती धूल के कारण उम्मीद से कम लोग होटल पहुंच रहे हैं। कोरोना के कारण पहले ही कारोबार की हालत खराब रही। सुना है कि अब सड़क बनेगी। - अंशुल कुमार, होटल संचालक,
---
काफी प्रयास के बाद कुछ बजट हुआ पास
काफी प्रयास के बाद छतरी वाले पीर से इंदिरा चौक तक सड़क बनाने के लिए बजट पास कराया है। हम पार्षद के साथ व्यापारी भी हैं। बुढ़ाना गेट पर मंदिर, अस्पताल और मिष्ठान आदि की दुकानें हैं। सड़क सुरक्षित न होने के कारण कारोबार तो पूरी तरह चौपट हो गया। अब बजट पास होने से कारोबारियों को उम्मीद जगी है। -संदीप रेवड़ी, पार्षद
--
सड़क निर्माण का बजट पास, जल्द होंगे टेंडर
- 15वें वित्त खजाने से सड़क निर्माण का बजट पास हो चुका है। शीघ्र ही टेंडर होने वाले हैं। फिलहाल जल निगम ने जिन सड़कों को तोड़ा था, उन पर वह पैच वर्क कर रहे हैं। नगर निगम ने भी अपनी सड़कों पर पैच वर्क शुरू किया है। - अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता, नगर निगम।