बिजनौर। नहटौर-जोया स्टेट हाईवे पर नूरपुर-अमरोहा के बीच बान नदी पर पुल बनकर लगभग तैयार हो चुका है। अब पुल को सड़क से जोड़ने का काम बाकी रह गया है। नए पुल के चालू होने से संकरे पुल की वजह से होने वाले हादसों पर लगाम लग जाएगी।
नूरपुर से निकलते ही अमरोहा मार्ग पर बान नदी पर ब्रिटिश काल का संकरा पुल बना हुआ है। बिना लोहा इस्तेमाल किए बना डाट का यह पुल सौ साल से भी अधिक पुराना है। संकरा पुल होने की वजह से अक्सर हादसे होते रहते थे। इसके साथ ही पुल एक लेन होने की वजह से जाम की स्थिति भी बनती थी। ऐसे में नया पुल बनाने की कवायद पिछले छह साल से चल रही थी। खैर, साल 2024 में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नए पुल का निर्माण चालू कर दिया गया था।
साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा नया पुल लगभग तैयार हो चुका है। अगले एक दो महीनों में ही इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
प्रतिदिन दौड़ते हैं दस हजार से भी अधिक वाहन
नहटौर-जोया स्टेट हाईवे पर प्रतिदिन दस हजार से भी अधिक वाहन गुजरते हैं। पुल संकरा और एक लेन का होने की वजह से एक तरफ के वाहनों को रुकना पड़ता था। ऐसे में जाम लग जाता था। अब नया पुल का निर्माण होने से स्टेट हाईवे पर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।
नए पुल का निर्माण अंतिम दौर में हैं। स्लैब के ऊपर एक और परत डाली जा चुकी है। अब पुल का पहुंच मार्ग बनना बाकी रह गया है।
...हेमंत प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि