दौराला- मृतक अंकित का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
दोस्त फरार, परिजनों ने नहीं दी तहरीर, पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दोस्तों के साथ घूमने गए दौराला के मोहल्ला मनोहरपुरी निवासी अंकित (40) का शव बुधवार देर रात दौराला के जंगल में चकरोड पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि अंकित बुधवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकला था। देर रात कस्बा निवासी मोनू के खेत के पास चकरोड पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने अंकित के परिजनों को शव पड़ा होने की जानकारी दी और मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। अंकित के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। चर्चा है कि मृतक युवक व उसके साथी शराब के आदी हैं। अंकित पर दौराला थाने में लगभग सात प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई है। बृहस्पतिवार शाम तक परिजनों ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी थी। वहीं, अंकित के दोस्त भी फरार हैं। अंकित की मौत कैसे हुई इसका कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस जांच में जुट गई है।
दो भाइयों में बड़ा था अंकित
अंकित दो भाइयों में बड़ा था। अंकित शादीशुदा था और खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। अंकित की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया और भाई व अन्य परिजन थाने पहुंचे और जानकारी ली। इसके बाद परिजन मोर्चरी पहुंच गए। मृतक की पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। अंकित की दो बेटियां आराध्या (7 ), साधना (5), बेटा शिव (2) हैं।