पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपी भाइयों को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (मेरठ)। कस्बा में यातायात व्यवस्था देख रहे सिपाही और दरोगा पर एक युवक ने गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस द्वारा विरोध करने पर चालक ने उनके साथ गाली गलौज की। पुलिस आरोपी चालक को थाने ले गई। चालक के भाई ने साथियों संग थाने में घुसकर सिपाही के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित सिपाही ने जानलेवा हमले व अन्य गंभीर धाराओं में तीन आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाने पर तैनात सिपाही गौरव कुमार के अनुसार बुधवार शाम वह दरोगा शिवम मिश्रा के साथ कस्बा खरखौदा में निर्माणाधीन पुलिया के कारण लगने वाले जाम को लेकर यातायात व्यवस्था में लगे थे। वहां एक आई 20 कार पहुंची। कार चालक ने तेजी से चलते हुए पीड़ित सिपाही के ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। किसी तरह वह तो बच गया लेकिन कार चालक ने सामने खड़े दरोगा शिवम मिश्रा के ऊपर गाड़ी का टायर चढ़ा दिया। दरोगा हाथ और पैर में चोट लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी कार चालक शिवांग त्यागी को जब रोकने का प्रयास किया गया तो उसने दरोगा को जान से मारने की धमकी देते हुए सिपाही की वर्दी फाड़ दी। बाद में पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर खरखौदा थाने ले गए। आरोप है कि इसके बाद थाने पहुंचे चालक के भाई माधव त्यागी ने साथियों के साथ थाना परिसर में ही सिपाही से मारपीट की। सिपाही ने आरोपी शिवांग त्यागी और माधव एवं एक अन्य के खिलाफ थाने में गंभीर धाराओं में प्राथमिक की दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने माधव त्यागी व शिवांग त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।
पुलिस पर लगाया मनमानी का आरोप
चेयरमैन मनीष त्यागी के नेतृत्व में कस्बे के काफी लोग थाने पहुंचे। थाने का घेराव करते हुए मामला मामूली कहासुनी का बताते हुए पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाया। दूसरे पक्ष का आरोप है कि इस मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकालकर पुलिस कर्मियों के खिलाफ अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। यदि अधिकारियों ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
बयान...
थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। -प्रमोद कुमार सिंह, सी ओ किठौर