व्यापारी से लूटी गई बाइक गन्ने के खेत में मिली, बदमाश अभी पकड़ से बाहर
मवाना। चार दिन पूर्व किशनपुर बिराना रोड पर व्यापारी से तीन बदमाशों द्वारा लूटी गई बाइक रविवार को मेरठ रोड पर गन्ने के खेत से बरामद हुई है। जबकि पुलिस अभी तक बदमाशों का पता लगाने में नाकाम है।
किशनपुर बिराना निवासी चेतराम सिंह पुत्र डालचंद ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया था कि बृहस्पतिवार शाम वह मवाना स्थित अपनी दुकान इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान बंद कर बाइक से गांव लौट रहा था। किशनपुर बिराना मार्ग पर बिजलीघर से आगे चकरोड के पास पहुंचा। वहां पहले से खडे़ तीन बदमाशों ने बाइक में डंडा मारकर उसे रोक लिया। बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा लगाकर बाइक, मोबाइल और 35 हजार रुपये उससे लूट लिए और फरार हो गए थे।
मेरठ रोड पर हड्डी फैक्टरी के पीछे खेत में मजदूर ईख की बंधाई करने गए थे। उन्होंने वहां पर लावारिस अवस्था में बाइक खड़ी देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा बाइक कब्जे में ले ली। जांच में पता चला कि उक्त बाइक चेतराम से लूटी गई थी। सूचना पर पीड़ित भी थाने पहुंच गया और अपनी बाइक होने की पुष्टि की।