सर छोटू राम संस्थान में नए सपनों की शुरुआत, बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की प्रवेश रिपोर्ट
बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की प्रवेश रिपोर्टिंग शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित सर छोटू राम इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में मंगलवार से बीटेक प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों की प्रवेश रिपोर्टिंग शुरू हो गई। छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ संस्थान पहुंचकर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी की।
रिपोर्टिंग के पहले दिन विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रिपोर्टिंग के दौरान विद्यार्थियों के अभिलेखों का सत्यापन, प्रवेश की पुष्टि, शुल्क जमा, शैक्षणिक परामर्श तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी कराई गईं। संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों को केवल तकनीकी शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता, व्यक्तित्व विकास तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में संस्थान उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी संकाय, अत्याधुनिक अधोसंरचना तथा उद्योग-शिक्षा सहयोग को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी दिनों में भी बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की प्रवेश रिपोर्टिंग का क्रम जारी रहेगा।