- विधायक अतुल प्रधान ने किया कवियों को सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। माता सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय समिति के तत्वावधान में शनिवार को नगर के दक्ष फार्म हाउस में कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का आयोजन किया गया। साहित्यिक संध्या में देश के विभिन्न अंचलों से आए प्रतिष्ठित कवियों और शायरों ने अपनी मखमली आवाज और बेमिसाल रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध रखा।
मुख्य अतिथि सरधना विधायक अतुल प्रधान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने सभी आगंतुक रचनाकारों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण ही नहीं, बल्कि उसकी आत्मा भी है। कवि और शायर अपनी लेखनी से समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
काव्य गोष्ठी में फरीदाबाद से आए वरिष्ठ कवि दिनेश रघुवंशी, मेरठ के सत्यपाल सत्यम, नोएडा के मनजीत सिंह अवतार, दिल्ली की खुशबू शर्मा, मेरठ के विपिन कुमार ओम, कन्नौज के मशकूर ममनून, हापुड़ के सचिन कुमार केन, मेरठ के गुलाब सिंह गुलाब और राजस्थान से आए जयप्रकाश शर्मा ने कविता, गीत, गजल और हास्य-व्यंग्य की एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां देकर पंडाल में मौजूद श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। संचालन कवि मनजीत सिंह अवतार ने किया।