पटाखा फैक्टरी में धमाका, मालिक सहित तीन की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सरसावा(सहारनपुर)। सरसावा थाना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर के जंगल में चल रही पटाखा फैक्टरी में शनिवार शाम हुए धमाके में फैक्टरी संचालक सहित तीन लोगों की मौत गई। एक श्रमिक को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज सरसावा में भर्ती कराया गया है। दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरी फैक्टरी जमींदोज हो गई और उसमें खड़ी कार व बाइक के भी परखच्चे उड़ गए।
यह भीषण हादसा शनिवार शाम करीब पौने छह बजे हुआ। इस हादसे में मरने वाले फैक्टरी मालिक राहुल कुमार उर्फ जोनी (32) गांव सलेमपुर, सागर और कार्तिक सैनी गांव बलवंतपुर के रहने वाले थे। घायल वंश गांव सलेमपुर का रहने वाला है। राहुल ने गोविंदपुर के जंगल में पटाखे बनाने की लाइसेंसी फैक्टरी लगा रखी थी और इसमें आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले अनार बनाए जाते हैं। शनिवार शाम हादसे के वक्त राहुल कुमार कुछ श्रमिकों के साथ फैक्टरी में मौजूद था। शहर और सरसावा एयरफोर्स स्टेशन से पहुंचीं दमकल ने फैक्टरी में लगी आग पर काबू पाया। सूचना पर डीआईजी प्रीतिंदर सिंह, डीएम अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर भी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने बताया कि हादसे में फैक्टरी मालिक समेत तीन लोगों की मौत हुई है। डीआईजी ने बताया कि एक श्रमिक घायल और दो लापता बताए जा रहे हैं।
पांच किलोमीटर तक सुनी गई आवाज
पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण धमाके की आवाज घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इससे इलाके में दहशत फैल गई। किसी को कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ है, मौके पर पहुंचे पिलखनी निवासी नीटू, प्रमोद, संदीप, अजय, सलेमपुर के प्रधान सतीश सैनी ने बताया कि शाम को हुए तेज धमाके से लोग घबरा गए। घरों तक में कंपन महसूस हुई।
धमाका होते ही एयरफोर्स स्टेशन पर अलर्ट
गोविंदपुर के जंगल में जहां पटाखा फैक्टरी है, वह स्थान एयरफोर्स स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर है। धमाके के बाद एयरफोर्स स्टेशन पर तुरंत अलर्ट जारी हो गया। मुख्य गेट तुरंत बंद कर दिया गया और गेट पर तैनात फोर्स एलर्ट हो गई।
विस्फोट के बाद मलबा हटाती जेसीबी और पुलिस- फोटो : SAHARANPUR
गोविंदपुर के जंगल में बनी पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद मलबा और उससे उठता धुंआ- फोटो : SAHARANPUR
गोविंदपुर के जंगल में बनी पटाखा फैक्ट्री में लगी आग के विस्फोट में क्षतिग्रस्त बाइक- फोटो : SAHARANPUR
गोविंदपुर के जंगल में बनी पटाखा फैक्ट्री के विस्फोट में क्षतिग्रस्त कार- फोटो : SAHARANPUR