यूपी टी-20 लीग : मेरठ के कई क्रिकेटर हो सकते हैं शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। यूपी टी 20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत 14 अगस्त से हो रही है। इसे लेकर कल 24 जुलाई को आगरा में नीलामी होगी, जिसमें टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 6 टीम प्रतिभाग करेंगी।
सभी टीम की ओर से 7-7 खिलाड़ियों का चयन नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। मेरठ के भी कई खिलाड़ियों का नंबर नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से लग सकता है। यूपी टी-20 लीग में मेरठ मेवरिक्स, काशी रुद्रास, नोएडा किंग्स, लखनऊ फाल्कंस, कानपुर सुपरस्टार और गोरखपुर लायंस की टीम प्रतिभाग कर रही हैं।
सभी टीमों की ओर से ट्रायल प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया गया है। रिटेन खिलाड़ियों की सूची भी जारी कर दी गई है। अब सभी की नजरें कल शुक्रवार को आगरा में होने वाली नीलामी प्रक्रिया पर है। अभी तक सभी 6 टीम की ओर से मेरठ के 11 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया है। इसमें विजय कुमार, कार्तिक त्यागी, दिव्यांश राजपूत, रितुराज शर्मा, हरदीप सिंह, सुनील कुमार, भुवनेश्वर कुमार, प्रियम गर्ग, समीर रिजवी, विनीत पंवार, शुभम मिश्रा को रिटेन किया जा चुका है। अब मेरठ के अन्य खिलाड़ियों की किस्मत कल होने वाली नीलामी प्रक्रिया में खुल सकती है। अंकित शर्मा, अंकुर, मानव सिंधु, यशु प्रधान, ऋषभ, शिवम चौधरी समेत कई क्रिकेटरों का नंबर लग सकता है।