- कार्यक्रम में हुआ बदलाव, देशभर से 500 से अधिक एथलीट जुटेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 29 अगस्त को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराई जाने वाली एथलेटिक्स सीरीज-15 के समय में बदलाव किया गया है। अब यह प्रतियोगिता दो सितंबर को होगी। प्रतियोगिता के समय में बदलाव होने से यहां मेरठ के क्षेत्रीय खेल कार्यालय को भी थोड़ी राहत मिलेगी। यहां चल रहे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास और तेजी से किया जा सकेगा।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से पहले 29 अगस्त को एथलेटिक्स सीरीज कराने की योजना बनाई गई थी। इसे लेकर उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स फेडरेशन और क्षेत्रीय खेल कार्यालय मेरठ की ओर से भी तेजी से तैयारी की जा रही थी। यहां स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुछ मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य अधूरे हैं, जिन्हें तेजी से कराया जा रहा था। अब इन कार्यों को कराने के लिए कार्यालय को थोड़ा और समय मिल गया है।
इस प्रतियोगिता में देशभर से 500 से अधिक एथलीट प्रतिभाग करने पहुंचेंगे। स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का होना बड़ी बात है। इसमें स्टार एथलीट भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, एथलीट पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी समेत कई बड़े एथलीट प्रतिभाग कर सकते हैं।
बता दें कि 18 अगस्त को एथलेटिक्स सीरीज-13 तेलंगाना में, 25 अगस्त को इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-14 पंचकुला में और सीरीज-15 मेरठ में होगी। एथलेटिक्स सीरीज का फाइनल 10 सितंबर को नई दिल्ली में होगा। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अनु कुमार ने बताया कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से प्रतियोगिता की तिथि में बदलाव किया गया है।