आईआईएमटी एकेडमी में शुरू हुई सीबीएसई नॉर्थ जोन तैराकी प्रतियोगिता
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने किया शुभारंभ
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आईआईएमटी एकेडमी में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन बालक तैराकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 200 स्कूलों के 1000 तैराक ने भाग लिया। 50, 200, 400, 800 और 1500 मीटर की स्पर्धा में तैराकी दिखाकर खिलाड़ियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर जी, आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल, स्कूल की प्रबंध संचालिका पियांशु अग्रवाल, निदेशक डॉ. पीके शर्मा ने दीप जलाकर किया। विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि यदि अपेक्षानुसार सफलता न मिले तो अपने प्रदर्शन का आकलन कर कमियों को दूर कर फिर से एक नई प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए। डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाला जीतता है अथवा सीखता है।
इन जिलों से खिलाड़ी कर रहे हैं प्रतिभाग
प्रतियोगिता में नोएडा, गाजियाबाद, साहिबाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, नैनीताल, जसपुर, काशीपुर, देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश सहित विभिन्न जनपदों के विद्यालयों के छात्र अपनी तैराकी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता की 21 स्पर्धाओं में 11, 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिनमें फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई, मेडले तथा विभिन्न रिले स्पर्धाएं शामिल हैं। प्रतियोगी 50, 200, 400, 800 एवं 1500 मीटर की प्रतियोगिताओं में निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया जा रहा है।
तैराकी प्रतियोगिता का शुभारंभ करते अतिथि और भाग लेते खिलाड़ी