माधवकुंज में सिर्फ खिलाड़ियों की भावना को ही उड़ान नहीं मिली, खेल उद्योग को ऊंचाई पर पहुंचाने के भी फार्मूले पर संघ प्रमुख ने काम किया। शताब्दी वर्ष पर आधारित देश प्रेम के अनुष्ठान के बीच वह शहर के पांच शीर्ष खेल उद्यमियों से मुखातिब हुए। मोहन भागवत ने उद्यमियों को आश्वासन किया कि मेरठ के खेल उद्योग को शीर्ष स्तर पर पहुंचाने के लिए संघ का पूर्ण सहयोग मिलेगा। उद्यमियों ने कुछ समस्याएं भी गिनाईं, जिनका भागवत ने समाधान करने का आश्वासन दिया।
नामी खेल कंपनी पीआर के संचालक सुमनेश अग्रवाल, एसजी के त्रिलोक आनंद, नेल्को के अंबर आनंद, भल्ला इंटरनेशनल के आशुतोष भल्ला और बीडीएम के प्रमुख राकेश भल्ला मोहन भागवत से मिले। पीआर के संचालक सुमनेश अग्रवाल ने संघ प्रमुख से हुई गुफ्तगू के अहम पहलुओं को अमर उजाला से साझा किया। बताया कि इस दौरान भूमि उपलब्धता के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दे पर सरकार के सहयोग के बारे में चर्चा की गई। संघ प्रमुख ने आश्वस्त किया कि वह इन पहलुओं पर पीएम, सीएम से बात करेंगे। मेरठ के खेल उद्योग शीर्ष स्तर पर पहुंचाने के लिए हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा।
नेलको के संचालक अंबर आनंद ने बताया कि मेरठ के खेल उद्यमी अब पीएम मोदी की 2030 और 2036 की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में खेल उद्योग को 36 तरह के खेल उत्पाद अपने घर में तैयार करने हैं। 36 खेल में छोटे उत्पादों की संख्या हजारों में होगी। ऐसे में मेरठ के उद्योग को विशेष सुविधाएं मिलनी चाहिए। अभी खेल उद्योग सिर्फ 1100 करोड़ का कारोबार कर रहा है। हमें गुजरात सहित अन्य प्रदेश प्रदेश खुले ऑफर मिल रहे हैं, लेकिन उद्यमी अपने शहर में रहकर उद्योग को शीर्ष स्तर पर पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।
भल्ला इंटरनेशनल के संचालक आशुतोष भल्ला ने कहा कि मेरठ के उद्यमी सक्षम हैं। संघ प्रमुख ने भी आश्वासन दिया है कि उद्योग को शीर्ष स्तर पर पहुंचाने के साथ चार गुना रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं जाएंगे। कर्मचारियों को संपूर्ण सुविधा मिलेगी।
इनसेट
- 140 विदेशी करेंगे भारत में उद्योग स्थापना के लिए विजिट
- स्पोर्ट्स गुड्स एवं टायेज एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल की बैठक देर शाम दिल्ली झंडावालान में हुई। मेरठ में मोहन भागवत से मुलाकात के बाद संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों ने अपने विषय रखे। मेरठ निवासी संगठन के चेयरमैन सुमनेश अग्रवाल ने बताया आगामी कुछ माह में यूरोप, अफ्रीका, एशियन देश, ओस्ट्रेलिया और अमेरिका के उद्यमी भारत में उद्योग विस्तार के लिए आ रहे हैं। 140 लोगों की स्वीकृति मिली है। मेरठ के लिए यह सुनहेरा अवसर है। केंद्र ने मेरठ के लिए सभी रास्ते खोल दिए हैं। ऐसे में मेरठ के उद्यमियों की जिम्मेदारी दोगुना हो गई है। खेल उद्यमियों को स्वयं को अब साबित करना होगा।