महिला से लूट करने वाला आरोपी टैंपों चालक मुठभेड में घायल। (स्त्रोत पुलिस) मवाना।
मवाना। दिल्ली की महिला यात्री को चाकू मारकर घायल कर लूट करने वाला टेंपो चालक मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से बुधवार देर रात घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी से नकदी और लूटे गए कानों के कुंडल बरामद किए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि 5 अगस्त को टेंपो चालक इकबाल निवासी खेड़ी मनिहार ने दिल्ली निवासी महिला सीमा भारती के साथ लूट की थी। महिला के विरोध करने पर उसे चाकू मारकर घायल कर नकदी और जेवरात लूट ले गया था। 6 अगस्त की रात 12:30 बजे गांव भैंसा कट के पास पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध पैदल आता दिखाई दिया। जिसे रुकने का इशारा किया। उसने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ चलाई गई गोली बदमाश के पैर में लगने से गिर गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इकबाल निवासी खेड़ी मनिहार बताया। आरोपी ने महिला को चाकू मारकर नकदी व जेवरात लूटना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, एक कारतूस और 2200 रुपये नकद व कुंडल बरामद किए। घायल इकबाल को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से मेरठ रेफर कर दिया।