-हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का कंकरखेड़ा थाने पर हंगामा, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली 12 वर्षीय किशोरी को दूसरे समूदाय के नाबालिग आरोपी ने रविवार को घर के बाहर जाकर धमकी दी। आरोपी की हरकतों से किशोरी का घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा था। रविवार को परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर नरसिंह वाहिनी के पदाधिकारी कार्तिक कार्यकर्ताओं संग थाने पहुंचे। दूसरी ओर अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सचिन सिरोही ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
कंकरखेड़ा क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने रविवार रात थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि हाईवे के पास स्थित एक गांव
निवासी आरोपी काफी समय से उनकी 12 वर्षीय बेटी को परेशान कर रहा था। आरोपी की हरकतों के कारण किशोरी का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया था। आरोप है कि आरोपी आए दिन पीड़ित परिवार के घर के बाहर चक्कर काटता था और किशोरी पर मिलने का दबाव बनाते हुए धमकी देता था। रविवार रात भी आरोपी उनके घर पहुंच गया और किशोरी से मिलने की जिद करने लगा। परिवार के लोगों ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना से घबराए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपी नाबालिग है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-