हत्यारोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देते परिजन। (फलावदा)
- फोटो : संघ कार्यालय
फलावदा। कस्बे के शहीद भगत सिंह मोहल्ला बंजारान निवासी युवती की हत्या के मामले में जमानत पर आए हत्यारोपी ने पीड़ित परिवार को मुकदमे में गवाही देने पर हत्या करने की धमकी दी है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला बंजारान में सोफिया की हत्या कर दी गई थी। सोफिया के हत्यारोपी जमानत पर आए हुए हैं। आरोप है कि मुकदमे की पैरवी कर रहे परिजन और गवाहों को हत्या करने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित परिवार में दहशत व्याप्त है। घटना के संबंध में मृतक सोफिया के चाचा सिराज परिवार के साथ थाने पहुंचे। उसने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि 22 जनवरी, 2024 को उसकी भतीजी सोफिया पुत्री शहजाद की पड़ोसी रिहान व फराहन ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिजनों ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी जमानत पर छूटकर घर आए हुए हैं।
आरोप है रिहान, सोफिया के भाई आसिफ को फैसला नहीं करने पर हत्या करने की धमकी दे रहा है। आसिफ रविवार को मोहल्ले में स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। वहां मस्जिद में पहले से रिहान अपने पिता उस्मान के साथ मौजूद था। सोफिया के भाई को देखकर वह आग बबूला हो गए और धमकी देते हुए गाली गलौज करते हुए धमकी दी कि अपने बाप से कह दे मुकदमे में फैसला कर ले, अगर तुम लोग फैसला नहीं करोगे तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार की हत्या कर देंगे। धमकी का विरोध करने पर आरोपी रिहान ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।