फलावदा। कस्बे के मोहल्ला बंजारान में वर्चस्व को लेकर मंगलवार रात हुए संघर्ष में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष ने डकैती का प्रयास, जानलेवा हमले का आरोप लगाया था। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
मोहल्ला बंजारान में वर्चस्व को लेकर रात में ताबड़तोड़ फायरिंग हुईं थी। जिसमें कई थानों की पुलिस ने पहुंचकर हालात काबू में किए। वहीं, घायल शमीम, फिरोज, इरशाद, शाद अली तथा सलमान को मेरठ भर्ती कराया था। जहां हालत बिगड़ने पर इरशाद, शाद अली व सलमान को दिल्ली रेफर कर दिया। पूरी घटना में एक पक्ष से करीब 12 लोग घायल हो गए थे। पीड़ित ने दूसरे पक्ष पर बंदूक, तमंचों से फायरिंग करने व डकैती डालने का प्रयास का आरोप लगाया था। पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा आदि संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। इस मामले में थाना प्रभारी शिववीर सिंह भदौरिया ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।
ये हुए घायल
इस मामले में शमीम पुत्र पीरू ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में फरहान, रिहान, शाहरुख, उसामा, शानू, सुऐब, गुड्डू, गिलमान, लाली के खिलाफ तहरीर दी थी।
जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहले भी कर चुके हैं झगड़ा
पीड़ित पक्ष के शमीम ने बताया कि आरोपी पक्ष पहले भी बिना कारण झगड़ा कर चुके हैं। पीरू का कहना है कि आरोपियों से जानमाल को खतरा है। पीड़ित ने पुलिस से दोबारा हमले का अंदेशा जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस आरोपियों के कई रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस ने टीम बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी। हालांकि वे हाथ नहीं लग सके हैं।