युवती के अपहरण व दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को जेल भेजा
रोहटा। पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव में युवती के अपहरण कर दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी जेल भेज दिया। वहीं, पीड़ित पक्ष की ओर से आरोपी पक्ष पर बुधवार रात फायरिंग करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने फायरिंग की घटना को संदिग्ध बताया है।
गांव किनौनी निवासी एक दबंग युवक ने दो दिन पूर्व अपने ही गांव की एक युवती को जबरन कार में डालकर अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास किया था। ग्रामीणों से घिरने पर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया था। इस घटना में युवती कार से कूदते समय घायल हो गई थी। युवती के भाई ने आरोपी रुक्मेश पुत्र प्रताप सिंह के खिलाफ रोहटा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में दो दिन से गांव वालों की पंचायत चल रही थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वहीं, बृहस्पतिवार सुबह 8 बजे पीड़िता के परिजनों ने थाने पहुंचकर बताया कि बुधवार रात उनके घर पर फायरिंग करने की शिकायत दी। वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना के समय पीड़ित पक्ष की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हुई। आरोपी के मोबाइल की सीडीआर निकलवाने पर उस समय की लोकेशन नोएडा की मिली है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पीड़िता के परिवार ने आरोपी के परिवार के अन्य लोगों को फंसाने और पुलिस पर दबाव बनाने के लिए यह षडयंत्र रचा था। अधिकारियों को पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया है।