कंकरखेड़ा। भोला रोड पर छह नवंबर को बाइक सवार अजीम और उसके चचेरे भाई सुहेब पर लाठी-डंडों से कुछ छात्रों ने हमला किया था। आरोपियों ने खड़ौल व आसपास के क्षेत्र में दहशत फैलाने व वर्चस्व बढ़ाने के लिए घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने हमले का वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था। पुलिस ने मंगलवार को हमला करने वाले सात आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों में अधिकतर स्नातक स्तर के विद्यार्थी हैं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि एक नवंबर को खड़ौली गांव निवासी अजीम का गांव के ही माहिर से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को भुगतने की धमकी दी थी। छह नवंबर को अजीम चचेरे भाई सुहेब के साथ बाइक से जा रहा था। आरोपियों ने भोला रोड पर अजीम व सुहेब पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। हमले में दोनों घायल हो गए थे।
आरोपियों ने मारपीट का वीडियो वायरल कर दिया था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई थी। पुलिस ने मंगलवार को माहिर व उसके दोस्त सादाब, वंश शर्मा, प्रियम राणा, अनमोल, प्रणव, राहुल को पकड़ लिया। वहीं, मयंक, आर्यन व लक्ष्य पुलिस पकड़ से दूर है। पुलिस पूछताछ में आरोपी माहिर ने बताया कि उसका अजीम से विवाद चल रहा था। इसलिए उसने अपने दोस्तों को मामले को लेकर बताया था। माहिर ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए दोस्तों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। एसपी सिटी का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।