दूसरे वर्ग के युवकों ने आरोपी किशोर की गिरफ्तारी के लिए थाने पर किया हंगामा
आरोपी के पिता के थाने में धार्मिक गुरुओं और समाज के लोगों से हाथ जोड़कर मांगी माफी
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। कस्बे में कक्षा नौवीं के दो छात्रों के आपसी झगड़े के बाद एक छात्र ने सोशल मीडिया पर दूसरे वर्ग और उनके धार्मिक स्थल पर टिप्पणी कर दी। इससे लोगों में रोष फैल गया। सोशल मीडिया पर उक्त टिप्पणी आग की तरह कस्बे में वायरल हो गई। दर्जनों युवक आरोपी के घर पहुंचे और गाली गलौज की। दूसरे वर्ग के लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। बात बढ़ती देख आरोपी युवक के परिजन कस्बे के गणमान्य लोगों के पास पहुंचे और गलती मानते हुए समझौता कराने की अपील की। आरोपी के पिता ने थाने में दूसरे वर्ग के लोगों से माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हुआ।
इस मामले में टिप्पणी के बाद रविवार देर रात तक शाही इमाम हुसैन अहमद, इमान बडबालियान मुफ्ती सुहैब, एडवोकेट नोमान सहित दर्जनों लोगों ने मोहल्लों में जाकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की लेकिन लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
सोमवार सुबह होते ही सैकड़ों युवक थाने पर पहुंचे और आरोपी किशोर को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए हंगामा किया। जब इस बात का पता कस्बे के गणमान्य लोगों और जामा मस्जिद के इनाम को चला तो सभी थाने पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए थाना प्रभारी प्रताप सिंह से बातचीत की। इसके बाद आरोपी के पिता विनय भी थाने पहुंच गए और हाथ जोड़कर अपने बेटे की गलती मानते हुए दूसरे वर्ग के लोगों से माफी मांगी। इसके बाद शाही इमाम ने सभी से मिलकर रहने की अपील की। इसके बाद थाने के बाहर जमा लोग शांत हुए। शाही इमाम ने बताया कि दोनों बच्चों में किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी की गई थी।