सरधना। कस्बा व देहात क्षेत्र के गांवों में मंगलवार को चंद्रग्रहण के प्रभाव के चलते मंदिरों के कपाट निर्धारित समयानुसार बंद रखे गए। ग्रहण काल के दौरान श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई और शुद्धिकरण की विशेष तैयारियां की गईं।
सूतक लगने के साथ ही सुबह से ही कस्बे में पुलिस चौकी बस स्टैंड के पास स्थित हनुमान मंदिर, देवी मंदिर और श्री सिद्धेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों के पट बंद कर दिए गए थे। मंदिर प्रबंधन समितियों ने पूर्व में ही श्रद्धालुओं से अपील की थी कि ग्रहण काल में मंदिरों में न आकर घर पर ही पूजा-अर्चना करें। मंगलवार दोपहर से शुरू हुए चंद्रग्रहण के समाप्त होने के बाद शाम को विधि-विधान से मंदिरों का शुद्धिकरण किया गया। पुजारियों ने गंगाजल का छिड़काव और मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन संपन्न कराया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिरों के कपाट पुनः खोल दिए गए। ग्रहण को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था देखने को मिली। कई लोगों ने घरों में ही भगवान का स्मरण करते हुए भजन-कीर्तन किया। ग्रहण समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान बाजारों में भी कुछ समय के लिए गतिविधियां सामान्य से धीमी रहीं।