बुधवार को मेरठ का एयर क्वालिट इंडेक्स भी कम हुआ है। एक्यूआई 137 दर्ज किया गया। इसके अलावा जयभीमनगर 160, गंगानगर 126, पल्लवपुरम 124, दिल्ली रोड 160, बेगमपुल 172 दर्ज किया गया।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि हवा का रुख बदलने से दिन के तापमान में गिरावट आई है। गर्मी का असर आगे भी रहेगा और सूरज की तपिश के बीच गर्मी परेशान करेगी।
जनरथ बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ी
भीषण गर्मी में रोडवेज की वातानूकुलित बसों (जनरथ बस सेवा) में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। इससे परिवहन निगम की आय में बढ़ोत्तरी हो रही है। मेरठ परिक्षेत्र के सेवा प्रबंधक ने मेरठ और सोहराब गेट डिपो के एआरएम को पत्र लिखकर सभी एसी बसों का संचालन कराने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन निगम के मेरठ परिक्षेत्र के पांच डिपों में से केवल मेरठ और सोहराब गेट डिपो में ही एसी बसें हैं। वर्तमान में मेरठ डिपो में 16 और सोहराब गेट डिपो में छह एसी बसें हैं। बड़ौत, गढ़ और भैंसाली डिपो में एसी बसें नहीं हैं।
मेरठ से एसी बसों का संचालन लखनऊ, शामली-लखनऊ, नजीबाबाद-दिल्ली, दिल्ली ऋषिकेश, कौशांबी-हरिद्वार-ऋषिकेश, मेरठ-आगरा आदि मार्गों पर हो रहा है। एसी बसों का किराया साधारण बसों के किराये से 20 प्रतिशत अधिक है। मगर बीते एक सप्ताह से जबरदस्त गर्मी पढ़ रही है।
मेरठ डिपो की छह एसी बस तकनीकि कारणों से चल नहीं रही हैं। प्रबंधक लोकेश राजपूत ने मेरठ और सोहराब गेट डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र लिख कर सभी एसी बसों का नियमित संचालन करने के निर्देश दिए।
भीषण गर्मी में बिजली दे रही झटके
गर्मी में विद्युत आपूर्ति भी ठीक प्रकार से नहीं हो रही है। बुधवार को शहर में कंकरखेड़ा, गंगानगर, शास्त्रीनगर, ब्रह्मपुरी समेत कई क्षेत्रों में लोड बढ़ने पर बिजली के झटके लगते रहे।
बार-बार बिजली जाने के कारण उपभोक्ता परेशान रहे। सबसे अधिक समस्या लोड़ अधिक बढ़ने के कारण आ रही है। पहले जहां 450 मेगावाट तक विद्युत डिमांड चल रही थी अब वह डिमांड बढ़कर 950 मेगावाट से अधिक हो गई है, जिस कारण फाल्ट की समस्या आ रही है। केबल भी फुंक रहे हैं।
कई जगहों पर पुराना तार भी फाल्ट का कारण बन रहा है। इन तारों को बदलकर विभाग की ओर से विद्युत आपूर्ति ठीक प्रकार से कराए जाने की तैयारी की जा रही है। इंद्रा चौक के सुभाष नगर में बुधवार को विभाग की ओर से लगभग 250 मीटर एबीसी केबल बदलकर क्षेत्र की समस्या को दूर किया गया। यहां जरा सा लोड बढ़ते ही बार-बार तार जल रहा था। क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार रात को हंगामा भी किया था।
सड़क चौड़ीकरण के चलते आज कटेगी बिजली
हापुड़ अड्डा से बिजली बंबा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते गुरुवार को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उपकेंद्र क्षेत्र काजपुर में सुबह 6 बजे से 9 बजे तक क्षेत्र के जमना नगर, जाकिर कालोनी, हुमायूं नगर, रसूलनगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।