शुक्रवार को लू के थपेड़ों के बीच तापमान ने छलांग लगाई तो पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिन भर लू ने शहरवासियों को हलकान कर दिया। लगातार बढ़ते तापमान के बीच अप्रैल माह का प्रथम सप्ताह पिछले 32 सालों में सबसे ज्यादा गर्म रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भीषम गर्मी पड़ने वाली है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में अभी से आसमान से आग बरसनी शुरु हो गई है। दिन का पारा चढ़ने के साथ-साथ लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। गर्मी के तेवर तल्ख होने से सीजन में पहली बार दिन का तापमान 40.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जो इस सीजन में सबसे अधिक है। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है और गर्मी में शहरवासी हलकान हो रहे है। मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री. के पास पहुंचा है, जिससे मौसम गर्म बना हुआ है। लू के थपेड़ों का असर सबसे ज्यादा दिखा और तापमान में बढ़ोतरी के साथ मौसम धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा है। वहीं शुक्रवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 277 रिकॉर्ड किया गया है। अभी भी मेरठ का एक्यूआई ज्यादा ही चल रहा है।
अप्रैल महीने के शुरु का एक सप्ताह रहा सबसे ज्यादा गर्म
कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पिछले सालों की तुलना करें तो अप्रैल माह का प्रथम सप्ताह सबसे ज्यादा गर्म रहा है, अप्रैल के अंत में रहने वाला तापमान इस बार महीने की शुरुआत से ही लोगों का कड़ा इम्तहान ले रहा है। दिन का तापमान सामान्य से 7 डिग्री ऊपर चल रहा है और रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। पिछले एक दशक या दो दशक की बात करें तो प्रथम सप्ताह में तापमान बहुत तेजी से बढ़ा है। जिससे गर्मी का स्तर तेज हुआ है।