मवाना। गांव तिगरी में मंगलवार को तहसीलदार पुलिस फोर्स के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे। टीम को देख कुछ ग्रामीणों ने नाला निर्माण का विरोध किया, जिनको पुलिस ने बल पूर्वक पीछे कर दिया। जिसके बाद जेसीबी से नाले की खोदाई का कार्य शुरू हुआ।
गांव तिगरी में 125 मीटर लंबे नाले का निर्माण जिला पंचायत द्वारा कराया जा रहा है। पूर्व प्रधान जगबीर सिंह ने नाला निर्माण के लिए अपने खेत में जगह दी। इसके बावजूद भी कुछ लोग नाला निर्माण का विरोध कर रहे हैं। जिसके संबंध में पूर्व प्रधान जगबीर सिंह ने एसडीएम से शिकायत की थी। एसडीएम अंकित कुमार के आदेश पर तहसीलदार रणविजय सिंह, नायब तहसीलदार अंकित तोमर, नायब तहसीलदार सचिन चौधरी मवाना, हस्तिनापुर, बहसूमा व फलावदा थाने के पुलिस फोर्स तथा दो जेसीबी लेकर गांव में पहुंचे।
टीम को देखते ही भाकियू अराजनीतिक के कुश चौधरी 10-12 लोगों के साथ वहां पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। मवाना थाना प्रभारी राजेश कांबोज ने पुलिस बल के साथ विरोध करने वालों को पीछे धकेल दिया तथा पुलिस सुरक्षा में जेसीबी से नाले की खोदाई का कार्य शुरू कराया।