संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कांवड़ मार्ग स्थित गंगनहर पटरी पर मेहरमती मीणा के निकट तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए किशोर की गुरुवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिजनों में शोक छा गया।
सरथना थाना क्षेत्र के गांव कुलंजन निवासी आमिल(16) पुत्र इमरान बुधवार दोपहर किसी काम से बाइक से सरधना आया था। लौटते समय वह कांवड़ मार्ग पर गंगनहर पटरी स्थित मेहरमती मीणा के निकट लघुशंका के लिए रुका। उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान खतौली की ओर से तेज गति से आ रही एक अज्ञात कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल आमिल को सीएचसी सरधना पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। वहां से उसे दिल्ली के अस्पताल भेजा गया, जहां बृहस्पतिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक पक्ष की ओर से घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।