संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के मंडी चमारान मोहल्ले में पारिवारिक विवाद के बाद एक किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरधना थाना पुलिस के अनुसार, मंडी चमारान निवासी इंतजार की 16 साल की बेटी का बृहस्पतिवार रात किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी की मौत से परिवार में शोक छा गया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।