- हस्तिनापुर की मनोहरपुर कॉलोनी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की मनोहरपुर कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ के सेवन से हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच कर रही है।
मनोहरपुर कॉलोनी निवासी किशोरी रविवार शाम अपने परिवार के साथ खेत में धान की रोपाई का कार्य कर घर लौटी थी। उसने अपनी बहन से चाय बनाने के लिए कहा। बहन रसोई में चाय बनाने लगी, जबकि किशोरी घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद वह अचानक उल्टी करती हुई बाहर आई। उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आत्महत्या अथवा अन्य किसी कारण की संभावना को लेकर जांच कर रही है। फिलहाल किशोरी द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाने का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।