संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर (मेरठ)। गणेशपुर मार्ग पर स्थित एक होटल में विवाहिता के मिलने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। जिस बाइक को महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने आग के हवाले कर दिया था, वह युवक की नहीं बल्कि उसके दोस्त की निकली। बाइक मालिक की तहरीर पर पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बताया गया कि शनिवार को एक विवाहिता के एक युवक के साथ गणेशपुर मार्ग पर स्थित होटल में होने की सूचना मिलने पर महिला के ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए थे। होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक के साथ मारपीट की थी और उसकी बाइक में आग लगा दी थी।
इस मामले में रविवार को नया तथ्य सामने आया। बाइक मालिक प्रदीप निवासी गांव रायपुर थाना चांदपुर जनपद बिजनौर ने हस्तिनापुर थाने पहुंचकर तहरीर दी कि जलाई गई बाइक उसकी है। उसने बताया कि उसका गांव निवासी दोस्त आशु किसी काम से बाइक मांगकर ले गया था। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि आशु किसी महिला को लेकर हस्तिनापुर में होटल गया है। प्रदीप का कहना है कि बाइक जलने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ है।
तहरीर में प्रदीप ने महिला के पति जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर निवासी मीरापुर निवासी रामअवतार को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि बाइक मालिक की शिकायत पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।