- जुनैद नाम के युवक पर धर्म छिपाकर यौन शोषण का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- परिजनों को दी धमकी, पीड़िता की रीढ़ और पैर की हड्डियां टूटीं
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की 17 साल की किशोरी से भैंसा गांव के जुनैद ने धर्म छिपाकर दोस्ती की और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। आरोपी ने शनिवार को पीड़िता के घर पहुंचकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के भाई के पहुंचने पर आरोपी भाग गया। पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। तनाव में आकर रविवार सुबह किशोरी ने तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट से कूदकर खुदकुशी की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में धमकी देने, नाबालिग से दुष्कर्म, मारपीट सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद में पुलिस ने आरोपी जुनैद को गिरफ्तार भी कर लिया।
किशोरी की मां की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया कि उनकी बेटी को मवाना थाना क्षेत्र के भैंसा गांव निवासी जुनैद काफी समय से परेशान करता रहा था। जुनैद ने अपने परिवार के साथ मिलकर उनकी बेटी को जाल में फंसाया। वह शादी का झांसा देकर शोषण करता रहा। शनिवार को परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे। तब आरोपी उनके घर आया था लेकिन किशोरी के भाई को देखकर भाग गया। किशोरी से जानकारी मिलने पर परिजनों ने आरोपी के घरवालों से शिकायत की।
उन्होंने जुनैद की मां से मोबाइल पर बात की तो उन्हें धमकी दी गई कि पुलिस से शिकायत की तो उनके लड़के को गोली मार दी जाएगी। इसके बाद किशोरी व उसके परिजन डर गए। किशोरी अवसाद में चली गई। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे उसने अपने घर की तीसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसकी रीढ़ और पैर की हड्डियां टूट गई हैं और हालत चिंताजनक बनी हुई है।
कोट:
पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की एक टीम आरोपी जुनैद की तलाश में जुट गई है। -विनायक गोपाल भोसले, पुलिस अधीक्षक सिटी ।