हापुड़ रोड स्थित पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की मीट फैक्ट्री को सील करने पहुंची एमडीए और पुलिस-प्रशासन की टीमों को बुधवार को बैरंग लौटना पड़ा। फैक्ट्री का मानचित्र स्वीकृत नहीं है और कार्रवाई एमडीए को करनी थी। फैक्ट्री की लेबर विरोध में अफसरों के सामने आ गई। फोर्स के पुख्ता इंतजाम न होने पर टीम को वापस लौटना पडा।
एमडीए के एक्सईएन अजित कुमार त्यागी, नायब तहसीलदार प्रभा सिंह, सीओ किठौर विनोद कुमार सिरोही तथा खरखौदा थाना पुलिस हाजी याकूब की अल फहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड को सील करने पहुंची थी। अफसरों ने फैक्ट्री में मिले हाजी याकूब के पुत्र से फैक्ट्री के कागजों की मांग की। फैक्ट्री संचालक ने कागजात दिखाने में आनाकानी की तो टीम ने फैक्ट्री को सील करने की चेतावनी दी। संचालक ने विरोध करते हुए कहा कि उनके पास संचालन से संबंधित सभी कागजात हैं। जब पूरे कागजात है तो फैक्ट्री को कैसे सील किया जा सहता है।