जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में दो दिवसीय 'अरुणोदय एवं आनंदम' प्रशिक्षण कार्यशाला प्रतिभा
मवाना। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए आयोजित दो दिवसीय अरुणोदय एवं आनंदम प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया।
नोडल अधिकारी प्रतिमा यादव एवं डॉ. पूजा शर्मा के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों के 158 शिक्षकों ने भाग लिया। शिक्षकों को विद्यार्थी नेतृत्व आधारित प्रार्थना सभा (अरुणोदय) और दस बैगलेस दिवस (आनंदम) के अंतर्गत शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को रुचिकर व प्रभावी बनाने की विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिन पूर्व आकलन के बाद स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार, पेपर क्राफ्ट, मास्क निर्माण, मूक अभिनय (माइम), नृत्य नाटक और कला मॉड्यूल पर विस्तृत चर्चा की गई। दूसरे दिन कठपुतली निर्माण, स्मार्ट गार्डनिंग, जल परीक्षण, जूट क्राफ्ट और डूडलिंग कला का अभ्यास कराया। समापन सत्र में डायट प्राचार्य मनोज कुमार आर्य ने संभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए सीखे गए कौशल को विद्यालयों में लागू करने पर जोर दिया और कहा कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने में मील का पत्थर साबित होगा। शिक्षकों द्वारा तैयार निर्मित क्राफ्ट व मॉडल की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें डॉ. मंजीत कौर खनूजा, प्रियंका, डॉ. अमित सिंह एवं पिंकी शर्मा का सहयोग रहा।