बिजनौर। पहलगाम में पर्यटकों की मौत पर गलत पोस्ट करने और साथी शिक्षक को धमकाने वाले शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षक को प्रथम दृष्टया राष्ट्रीय भावना का अनादर करने का दोषी माना गया है। इन पर शिक्षक पद की गरिमा और विभाग की छवि धूमिल करने का भी आरोप है।
सोमवार को बेसिक शिक्षक अधिकारी योगेंद्र सिंह ने निलंबन पत्र जारी किया है, जिसमें साहनपुर के प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षक मुदस्सिर नजर को निलंबित करते हुए जटपुरा बौंडा के स्कूल से संबद्ध किया है। बता दें कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजीव सहरावत और मंत्री राजू सिंह सिंह आदि ने शिकायती पत्र दिया था। जिसमें कहा कि नजीबाबाद ब्लॉक के साहनपुर विद्यालय सेकेंड में तैनात मुदस्सिर नजर ने पहलगाम में पर्यटकों की मौत पर भ्रामक पोस्ट वायरल की। इसके बाद टोकने पर शिक्षक कपिल जैन को धमकी दी। पीड़ित शिक्षक ने धमकी की रिकॉर्डिंग भी की थी, जिसे बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया था।