मवाना। स्कूल जा रही एक अध्यापिका के साथ युवकों द्वारा अभद्रता और बदतमीजी किए जाने का मामला सामने आया है। पूर्व सभासद डॉ. वीरेंद्र पाल सिंह ने थाना प्रभारी को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्रवधू के साथ यह घटना हुई है।
डॉ. वीरेंद्र पाल सिंह मोहल्ला काबली गेट के निवासी हैं। उन्होंने पत्र में बताया कि मंगलवार सुबह 9:45 बजे उनकी पुत्रवधू स्कूल जा रही थी। वह मेरठ रोड स्थित स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में अध्यापिका हैं। तीन पहिया टेंपो में सवार होकर वह स्कूल जा रही थी। पुलिस चौकी (पेट्रोल पंप) के ठीक सामने कुछ युवकों ने टेंपो रोक लिया। उन्होंने सवारियों को उतार दिया और उनकी पुत्रवधू के साथ दुर्व्यवहार किया। खुद को यूनियन (महामाई) का आदमी बताने वाले इन लोगों ने कुछ दिन पहले बड़े महादेव पर भी ऐसी घटना की थी।
घटना की जानकारी तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने के बाद भी आरोपी बदतमीजी करते रहे। उन्होंने बीच रास्ते में सवारियों, खासकर महिलाओं को उतारकर अभद्रता की। जनता के इकट्ठा होने पर वह मौके से चले गए। पूर्व सभासद ने इन तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।