मवाना। प्रिय टॉकीज के पास एक दुपट्टा दुकानदार द्वारा लूट की दी गई सूचना झूठी पाई गई। पुलिस जांच में यह मामला आपसी मारपीट का निकला। पुलिस ने दुकानदार समेत दोनों पक्षों के चार लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।
दुकानदार नईम अख्तर ने सोमवार रात करीब 7:00 बजे पुलिस को सूचना दी थी। उसने बताया कि दो युवकों ने उसकी दुकान पर धक्का-मुक्की और मारपीट कर गल्ले से 2500 रुपये लूट लिए। सूचना पर सीओ पंकज लवानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज से लूट के आरोप की सच्चाई सामने आ गई। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि यह घटना लूट की नहीं, बल्कि आपसी मारपीट की थी।
सीओ ने बताया कि एक माह पहले दरियापुर की कुछ महिलाएं इस दुकान पर खरीदारी करने आई थीं। उनके साथ आए छोटे बच्चे ने दुकान में पेशाब कर दिया था। आरोप है कि इसी बात पर दुकानदार ने महिलाओं से गलत व्यवहार किया था। इसी रंजिश के चलते सोमवर रात दुकानदार के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने नईम अख्तर, उसके साथी हुसैन तथा दूसरे पक्ष से अनुज और सुमित के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।