यूपी के शामली में आयकर विभाग की टीम ने बेनामी संपत्ति के मामले में शहर के एक इंटर कॉलेज की शिक्षिका के घर पर जांच पड़ताल की। करीब चार घंटे तक चली पड़ताल में टीम को कोई खास दस्तावेज हाथ नहीं लगा। इसके बाद टीम लौट गई।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे आयकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर एके रस्तोगी के साथ छह सदस्यीय टीम शामली पहुंची। कोतवाली पुलिस को साथ लेकर मिल रोड निवासी मीनू के मकान में जांच पड़ताल की। मीनू शहर के हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ाती हैं और उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थी। टीम ने उसे भी विद्यालय से बुला लिया। इसके बाद मकान बंद करके छानबीन की गई। दोपहर करीब 12 बजे तक छानबीन चलती रही। टीम के साथ आए कुछ लोग मकान के बाहर रहे।