-शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, परिजनों ने थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा दस के 13 वर्षीय छात्र की शिक्षक द्वारा कथित रूप से बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया। छात्र के परिजनों ने कॉलेज पहुंचकर प्रधानाचार्य से शिकायत करने के साथ ही शिक्षक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कसबे की एक कॉलोनी निवासी पीड़ित पिता ने तहरीर में बताया कि उसका 13 वर्षीय पुत्र पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा दस में पढ़ता है। आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज के एक शिक्षक कक्षा में पहुंचे और किसी बात को लेकर छात्र की पिटाई कर दी। घटना के बाद छात्र के शरीर में गुम चोटें आईं और वह मानसिक रूप से परेशान है।
कक्ष में कैमरे लगे थे। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में शिक्षक छात्र के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक पहले से ही उनके बेटे को बिना वजह डांटते-फटकारते थे। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने छात्र को स्कूल से नाम काटने की धमकी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर छात्र के परिजन कॉलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य अमित कुमार से शिकायत की। बाद में हस्तिनापुर थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। प्रधानाचार्य अमित कुमार ने बताया कि छात्र के परिजनों ने शिक्षक द्वारा पिटाई की शिकायत की है। मामले की जानकारी की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।
-