जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में सोमवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे शिक्षक तिलकचंद ने आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और माचिस मांगने लगे। इसका पता चलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने किसी तरह रोककर उनकी जान बचाई। आत्मदाह का प्रयास करने वाले शिक्षक तिलकचंद महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज अरनावली (रोहटा रोड) में कार्यरत हैं। शिक्षक का आरोप है कि उनकी नियुक्ति प्रक्रिया वर्ष 2005 से पहले की होने के बावजूद उन्हें पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है।
इस संबंध में कई माह पहले पूरी फाइल तैयार कर डीआईओएस कार्यालय में जमा की गई थी। इसके बाद भी कोई कदम नहीं उठाया गया। शिक्षक ने बताया कि वह वर्ष 2002 से 2005 तक प्राथमिक पाठशाला हस्तिनापुर में कार्यरत रहे। इसके बाद 2005 में माध्यमिक शिक्षा में बुलंदशहर में नियुक्ति मिली और वर्ष 2007 में स्थानांतरण लेकर मेरठ आए थे। अपनी सेवा फाइल की प्रक्रिया पूरी कर दी थी।
इस घटना के समय डीआईओएस कार्यालय में ठकुराई गुट के शिक्षक संघ के पदाधिकारी जेडी कार्यालय में वार्ता के लिए मौजूद थे। शोर-शराबा सुनकर वे बाहर निकले तो पुलिस और विभागीय कर्मचारी पहले से ही मौके पर थे। कर्मचारियों और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मिलकर शिक्षक को किसी तरह रोक लिया और मामला संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) ओंकार शुक्ल तक पहुंच गया। जेडी ने डीआईओएस को निर्देश दिए कि शिक्षक का प्रकरण निस्तारित कर फाइल मुख्यालय भेजी जाए।
-
पुरानी पेंशन योजना के पात्र हैं शिक्षक : त्यागी
ठकुराई गुट के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश त्यागी ने बताया कि संबंधित शिक्षक के पद का विज्ञापन वर्ष 2002 में निकला था, चयन 2004 में हुआ और नियुक्ति 2005 में दी गई थी। चूंकि पूरी प्रक्रिया 2002 से चल रही थ। इसलिए शिक्षक पुरानी पेंशन योजना के लिए पात्र हैं। पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि सोमवार को डीआईओएस कार्यालय में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बाहर जाने को कहा गया। इससे भी वह मानसिक रूप से आहत हुए।
-
परीक्षण प्रक्रिया में थी फाइल : डीआईओएस
डीआईओएस राजेश कुमार ने शिक्षक के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि शिक्षक की फाइल 30 सितंबर को कार्यालय में प्राप्त हुई थी और वह कमेटी के पास परीक्षण प्रक्रिया में थी। फाइल रोकी नहीं गई थी। जैसे ही आत्मदाह के प्रयास की जानकारी मिली, तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और फाइल पर कार्रवाई तेज कर दी गई।
-
प्रकरण का निस्तारण कराया : जेडी
संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) ओंकार शुक्ल ने कहा कि इस प्रकरण का निस्तारण करा दिया गया है। शिक्षक से जुड़ी फाइल के बारे में डीआईओएस को जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।