- मोदीपुरम से जीरो माइल तक किया है लागू, आज गढ़ रोड और हापुड़ रोड भी हो सकती है वन-वे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने बुधवार से दिल्ली रोड को वनवे कर दिया गया। इससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई। लंबे जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात के साथ संबंधित थानों की पुलिस भी जाम नहीं खुलवा सकी। इससे स्थिति और खराब हो गई। मोदीपुरम फ्लाईओवर से जीरो माइल तक भी वनवे किया गया है। दिल्ली रोड पर मेवला फ्लाईओवर पर देर रात तक बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे। वाहन चालकों को पुल पार करने में ही एक से डेढ़ घंटे तक का समय लग गया। वहीं, कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए आज से गढ़ रोड और हापुड़ रोड को भी वन-वे किया जा सकता है।
बेगमपुल पर दिल्ली रोड जाने वाले वाहनों को एक ओर से भेजा गया। इससे सोतीगंज पर लंबा जाम लग गया। यहां से किसी तरह लोग आगे बढ़े तो केसर गंज, रेलवे रोड चौराहा, फुटबॉल चौक पर भीषण जाम में फंस गए। बहादुर मोटर्स से लेकर नवीन मंडी गेट तक एक तरफ लंबा जाम लगने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। मोदीपुरम से लेकर जीरो माइल तक वनवे होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटे कामर्शियल वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। जाम खुलवाने के लिए यातायात पुलिस के साथ-साथ संबंधित थाने की पुलिस और सिविल डिफेंस के लोग भी लगे रहे।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव को यातायात व्यवस्था सही कराने के निर्देश दिए। एसपी यातायात ने बताया कि बुधवार शाम छह बजे से दिल्ली रोड वन-वे कर दी गई है। जिसकी वजह से जाम लग गया है। सभी प्वाइंटों पर यातायात पुलिस को तैनात किया गया है ताकि जाम की स्थिति न बन सके।