10 अगस्त को ओलंपिया तैराकी अकादमी में होगा चयन, मेरठ समेत छह जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा गौतमबुद्ध नगर को एक बार फिर मेरठ मंडल स्तरीय जूनियर तैराकी ट्रायल की मेजबानी मिली है। मंडलीय ट्रायल ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ओलंपिया तैराकी अकादमी में आयोजित होंगे। इसमें बालक व बालिका जूनियर वर्ग में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे।
अयोध्या के डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्षेत्रीय खेल कार्यालय में 14 से 16 अगस्त तक प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में मेरठ मंडल टीम सहित प्रदेश के विभिन्न मंडलों की टीमें भाग लेंगी। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि मंडलीय ट्रायल की मेजबानी गौतमबुद्ध नगर को मिली हैं। यह ट्रायल ओलंपिया तैराकी अकादमी में 10 अगस्त को होंगे। इससे पहले भी अलग-अलग कैटेगरी में जिले को तैराकी में मंडलीय ट्रायल की मेजबानी मिल चुकी हैं। इसमें गौतमबुद्ध नगर के अलावा मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत के खिलाड़ी भाग लेंगे और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का करेंगे। विभाग की ओर से ट्रायल के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि मंडलीय ट्रायल से बालक व बालिका वर्ग से 20-20 खिलाड़ी शामिल होंगे। हालांकि, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता की प्रत्येक व्यक्तिगत स्पर्धा में मेरठ मंडल से अधिकतम दो खिलाड़ियों को ही भाग लेने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों को आयु वर्ग के अनुसार दो समूहों में विभाजित किया जाएगा।