- मोदीपुरम में एटू-जेड टाउनशिप के सामने हुआ हादसा, दंपति को आईं मामूली चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एटूजेड टाउनशिप के सामने मंगलवार दोपहर एक ट्रक ने एसयूवी कार में टक्कर मार दी और घसीटते हुए ले गया। बाद में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में कार सवार दंपती मामूली रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे पूर्व मंत्री ने घायलों की सहायता की।
मुजफ्फरनगर निवासी हृदेश कुमार अपनी पत्नी इंदिरा अरोड़ा के साथ कार से मेरठ आ रहे थे। एटूजेड कॉलोनी के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि एयर बैग खुल गए, नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता है। ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर भाग निकला।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, मौके से गुजर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, श्रम कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुनील भराला, मनिंदर विहान ने लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और निजी अस्पताल में उपचार दिलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और डिवाइडर से कार हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दंपती उपचार के बाद वापस लौट गया। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द फरार ट्रक चालक को पकड़ लिया जाएगा।