परिजनों ने पति, सास, ससुर और ननद समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव कालंद में शादी के करीब दो माह बाद गुलफ्शा (23) विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए थाना सरधना में तहरीर दी। पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानी थाना क्षेत्र के गांव भवी निवासी यूसुफ अली पुत्र मालू खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री गुलफ्शा का निकाह करीब दो माह पूर्व गांव कालंद निवासी मुफीद से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग कम दहेज लाने का ताना देकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि शुक्रवार देर शाम ससुराल पक्ष की ओर से गुलफ्शा की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। जब परिजन गांव कालंद पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मायके पक्ष ने पहले जानी थाने पहुंचकर हंगामा किया और बाद में थाना सरधना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गुलफ्शा की मौत सामान्य नहीं, बल्कि दहेज की मांग को लेकर की गई प्रताड़ना का परिणाम है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गुलफ्शा और उसकी बहन फरहा का विवाह एक साथ दो सगे भाइयों से हुआ था। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दोनों बहनों के करीब दो माह का गर्भ होने के दौरान उन्हें जबरन गर्भपात की दवा खिलाई गई। इसी के चलते गुलफ्शा की मौत हो गई, जबकि फरहा की तबीयत भी खराब बताई जा रही है।
सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पति मुफीद, ससुर रब्बान, सास आशिया, ननद समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।