सुभाषनगर में छात्रा की संदिग्ध मौत, सीओ ने कब्जे में लिया शव
मेरठ। सिविल लाइन क्षेत्र के सुभाषनगर में बुधवार रात हुई छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया। बृहस्पतिवार सुबह जब परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे तभी किसी ने पुलिस को छात्रा की हत्या की सूचना दे दी। सीओ ने तीन थानों की फोर्स के साथ घेराबंदी कर सूरजकुंड से शव को कब्जे में ले लिया।
सीओ संजीव देशवाल के अनुसार, 19 वर्षीय एक छात्रा सुभाष नगर में अपने नाना के यहां रहती थी। छात्रा के माता-पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। बृहस्पतिवार सुबह सिविल लाइन पुलिस छात्रा की मौत की सूचना पर मौके पर पहुंची और शव दिखाने को कहा, लेकिन परिजन और आसपास के लोग छात्रा के शव को घर से सूरजकुंड के लिए लेकर जाने लगे। उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। जिसके बाद सीओ सिविल लाइन ने सिविल लाइन, नौचंदी और मेडिकल पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
सीओ ने परिजनों और अन्य लोगों से पूछा कि छात्रा की मौत कैसे हुई, इस पर कुछ लोग चुप्पी साध गए। एमएलसी अतर सिंह भी वहां पहुंचे, जिसके बाद एमएलसी ने भी सीओ से कहा कि यह परिवार का मामला है। सीओ ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश हैं कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। जिसके बाद आधा घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सीओ ने परिजनों और अन्य लोगों को समझाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी