दिन में हुई कहासुनी ने देर रात लिया उग्र रूप, युवती सहित तीन घायल
मेरठ। दो दोस्तों में मामूली बात पर बृहस्पतिवार दिन में कहासुनी हो जाने पर परिवार के लोगों द्वारा समझौता करा दिया गया था। देर रात एक दोस्त अपने चार-पांच साथियों के साथ दोस्त के घर पहुंचा और दोस्त के साथ मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बहन और पड़ोसी बचाने आए तो आरोपियों ने उन्हें भी जमकर पीटा। इस दौरान पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बृहस्पतिवार लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र रसीद नगर गली नंबर तीन निवासी फरमान और इमरान आपस में दोस्त हैं। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जानकारी मिलने पर दोनों के बीच परिवार वालों ने समझौता करा दिया था। आरोप है कि देर रात इमरान शराब पीकर अपने साथ सलीम, फरहान व भूरा आदि को साथ लेकर फरमान के घर पहुंचा और सभी ने मिलकर फरमान की पिटाई करनी शुरू कर दी। शोर मचा तो फरमान की बहन उसे बचाने दौड़ी। हमलावर फरमान की बहन अजरा को भी पीटने लगे। तभी फरमान का भाई दिलशाद और पड़ोसी इरशाद भी आ गए। आरोपियों ने उनको भी पीटना शुरू कर दिया। हमले में अजरा, दिलशाद और इरशाद घायल हो गए। इरशाद को गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।